आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा संचालित सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग यात्रा आज शिमला पहुँची, जहाँ इसका पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। इस पावन अवसर पर शहरवासियों ने रिज मैदान से पदम देव कॉम्प्लेक्स तक पहुँचकर पवित्र सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग के दिव्य दर्शन किए।
आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा आयोजित यह आध्यात्मिक कार्यक्रम शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक चला, जिसमें श्रद्धालुओं को ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ-साथ स्पर्श पूजा, आध्यात्मिक सत्संग एवं प्रसाद वितरण का लाभ प्राप्त हुआ।
इस मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत वातावरण में भाग लेकर स्वयं को धन्य महसूस किया। शहर के गणमान्य व्यक्तियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ाया।
राज्य मीडिया प्रभारी तृप्ता शर्मा ने बताया कि इस पावन अवसर पर आश्रम से विशेष रूप से पधारे स्वामी विरुपाक्ष, स्वामी रामानंद एवं वेद पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के माध्यम से पूरे ऐतिहासिक रिज मैदान को भक्तिमयी वातावरण से सराबोर कर दिया।
इस मौके पर महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने मंत्रोच्चारण का आनंद लिया, प्रसाद ग्रहण किया और भगवान सोमनाथ के मूल स्वरूप के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित करना है। यह पावन यात्रा चंबा से आरंभ होकर आज 9 तारीख को शिमला स्थित रिज मैदान के वर्धनदेव कॉम्प्लेक्स पहुँची, जहाँ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक एवं स्वयंसेवकों ने भाग लेकर भक्ति और सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वैदिक संस्थान की राज्य समन्वयक सोनिया मीनोचा, डीटीसी अमित शर्मा, एसटीसी कांता शर्मा, अभय शर्मा, कमलेश चौहान, रत्ना, घनश्याम, चंदन तथा एपेक्स मेंबर गोपाल कृष्ण, भीष्म सिंह कंवर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
साथ ही भजन मंडली में शानू, नविता सूद, भूपेंद्र शर्मा, आशा किमटा आदि ने भगवान शंभू के भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर पूरे रिज मैदान को भक्ति और शिवमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया।#SomnathJyotirling #ArtOfLiving #Shimla #HarHarMahadev #SpiritualVibes #HimachalPradesh #ShivBhakti #Devotional #RidgeShimla #MahadevBlessings











