आदर्श हिमाचल ब्यूरों
ऊना । राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 इस वर्ष प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण सोमभद्रा नदी तट पर हरोली-रामपुर पुल के समीप रोड़ा मैदान में 11 से 14 अप्रैल तक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इस उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 11 अप्रैल को शोभायात्रा में भाग लेकर करेंगे।
एसडीएम हरोली एवं उत्सव संयोजक विशाल शर्मा ने बताया कि इस वर्ष उत्सव को प्रकृति और संस्कृति के संगम के रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से पहली बार नदी तट पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे यह वैसाखी पर्व के पारंपरिक महत्व के और अधिक निकट होगा।
उत्सव के दौरान चार दिनों तक आयोजित होने वाली स्टार नाइट्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। 11 अप्रैल को गिप्पी ग्रेवाल, 12 अप्रैल को जी. खान और प्रभ गिल, 13 अप्रैल को कुलदीप कुमार एवं अनुज शर्मा तथा 14 अप्रैल को गुलरेज अख्तर और एमी विर्क अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं में भाग लेने के लिए स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन भी आयोजित किए गए हैं, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा सके।उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने उत्सव को सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं ताकि आयोजन को सफल एवं यादगार बनाया जा सके।
उत्सव के दौरान पशु मेला, डॉग शो और बेबी शो सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। 14 अप्रैल को रोजगार मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें नामी कंपनियां भाग लेंगी।
यह उत्सव न केवल सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पारंपरिक महत्व को भी सुदृढ़ करेगा। प्रशासन और स्थानीय जनता की सहभागिता से यह आयोजन हरोली की पहचान को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक उत्सव साबित होगा।#HaroliUtsav2026 #Una #HimachalPradesh #SomBhadra #VaisakhiFestival #SukhuGovernment #CulturalFestival #StarNight #GippyGrewal #AmmyVirk #PrabhGill #GKhan #AnujSharma #KuldeepKumar #HimachalEvents #LiveConcert #HimachalCulture #FestivalVibes #AdarshHimachal #BreakingNews #HimachalUpdates 🎉✨











