आदर्श हिमाचल ब्यूरों
कुल्लू । हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों और जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल रोष प्रदर्शन कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का आगाज ऐतिहासिक देव सदन से हुआ, जहाँ भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता एकत्रित हुए और वहां से ढालपुर चौक तक एक आक्रोश रैली निकाली गई। इस प्रदर्शन में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सरकार की विफलताओं पर कड़ा प्रहार किया। कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष श्रवण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
रैली के दौरान ढालपुर चौक तक का पूरा मार्ग ‘सरकार विरोधी’ नारों से गूंज उठा, जिसमें विकास कार्यों के ठप होने और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री के साथ-साथ वर्ष 2022 के विधानसभा प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और स्थानीय स्तर पर जनता को पेश आ रही समस्याओं का उल्लेख किया। इस अवसर पर संगठन की एकजुटता भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
जिसमें जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद, प्रदेश भाजपा सह मीडिया संयोजक दानवेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं मंडी के सह प्रभारी भीमसेन शर्मा सहित कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। वक्ताओं ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता से किए गए वादे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। भाजपा नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया और विकास कार्यों को गति नहीं दी, तो आने वाले समय में यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप धारण करेगा।
- देव सदन से शुरू होकर ढालपुर चौक पर समाप्त हुए इस प्रदर्शन ने जिले के राजनीतिक वातावरण को गरमा दिया है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि भाजपा आगामी समय में सरकार को घेरने का कोई भी अवसर हाथ से नहीं जाने देगी।#Kullu #BJP #JaiRamThakur #Protest #HimachalPolitics #GovernmentOpposition #HimachalNews #AdarshHimachal











