आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पर्यटन क्षेत्र को वृह्द स्तर पर बढ़ावा दे रही सरकार : आर.एस. बाली

0
9

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

सोलन । हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक, धार्मिक, साहसिक, आध्यात्मिक और स्वास्थ्य पर्यटन को बड़े स्तर पर बढ़ावा दे रही है।
वे आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।

 

इस अवसर पर आर.एस. बाली ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृह रक्षा, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स एवं विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस उप निरीक्षक साहिल राणा ने किया।

 

इससे पूर्व उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं हिमाचल के निर्माण में योगदान देने वाले महान नेताओं को नमन किया।

 

आर.एस. बाली ने बताया कि प्रदेश में नई ईको टूरिज्म नीति के तहत 77 ईको टूरिज्म स्थल विकसित किए जा रहे हैं तथा अगले पाँच वर्षों में इससे लगभग 200 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

उन्होंने कहा कि पर्यटन के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाकर प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से एशियन विकास बैंक के सहयोग से 2357 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास योजना स्वीकृत की गई है।

 

प्रदेश के सभी ज़िलों में हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक पर्यटकों की पहुंच आसान होगी। संजौली हेलीपोर्ट से कुल्लू, रिकांगपिओ और चंडीगढ़ के लिए सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार हेतु 3349 करोड़ रुपये की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन योजना स्वीकृत की गई है।

 

आर.एस. बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार सतत विकास, ग्रीन एनर्जी और आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य की ओर तेजी से कार्य कर रही है। युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना लागू की गई है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीन पंचायत कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायतों में सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं।सोलन ज़िले के कथेड़ में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बन रहा विश्व स्तरीय बहुदेशीय अस्पताल 70 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत ज़िले में 442 बेसहारा बच्चों को 1.87 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है तथा पिछले तीन वर्षों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर 2 अरब 61 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।

 

बीबीएन क्षेत्र में 18,415 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय एवं बाहरी युवाओं को रोजगार मिला है।कार्यक्रम के अंत में आर.एस. बाली ने नशा मुक्त हिमाचल अभियान को सफल बनाने की अपील की तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।