आदर्श हिमाचल ब्यूरों
कुल्लू । जिला कुल्लू के उपमंडल आनी में शनिवार शाम एक अत्यंत दुखद सड़क हादसा सामने आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशर–गुगरा मार्ग पर बालीओल के समीप लगभग शाम 4:30 बजे तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल चीड़ का पेड़ अचानक चलती बोलेरो वाहन पर गिर गया।
पेड़ के अत्यधिक वजन के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण दुर्घटना में चार महिला शिक्षकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रशासन ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। साथ ही, क्षेत्र में मौसम खराब होने के चलते लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।











