आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला।प्रदेश में कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच बढ़ती दूरी अब पार्टी के लिए गंभीर राजनीतिक चुनौती बनती जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते हालात नहीं सुधरे तो नगर निगम, पंचायती राज संस्थाओं और आगामी चुनावों में कांग्रेस को इसका सीधा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इन दिनों कांग्रेस के भीतर लगातार बढ़ती गुटबाजी, नेताओं के बीच खींचतान और संगठनात्मक कमजोरी खुलकर सामने आ रही है। कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि फैसले कुछ चुनिंदा लोगों तक सीमित होने के आरोप लगातार लग रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति में लंबा इंतजार, विधायकों के बागी तेवर, वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी और सरकार-संगठन के बीच समन्वय की कमी ने कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ा दिया है। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर होता दिखाई दे रहा है।
ऐसे राजनीतिक माहौल में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का वह पुराना बयान एक बार फिर चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “हिमाचल में कांग्रेस का द्वार होली लॉज से निकलता है।” राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज प्रदेश की परिस्थितियां कहीं न कहीं उस बयान को सच साबित करती नजर आ रही हैं।
राजा वीरभद्र सिंह हमेशा संगठन और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की राजनीति के पक्षधर माने जाते थे। उनके कार्यकाल में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिलता था, जबकि वर्तमान समय में पार्टी के भीतर बढ़ती दूरियां और असंतोष लगातार सार्वजनिक होता जा रहा है।
सरकार पर यह आरोप भी लग रहे हैं कि वह आम जनता के मुद्दों से दूर होती जा रही है। किसान, बागवान, व्यापारी, कर्मचारी और युवा वर्ग अपनी समस्याओं को लेकर निराश दिखाई दे रहे हैं। प्रदेश पर बढ़ता कर्ज, विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और अफसरशाही के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक बड़ा वर्ग मानता है कि यदि समय रहते संगठन को मजबूत करने, वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले चुनावों में पार्टी को इसका बड़ा राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
प्रदेश की राजनीति में अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व संगठन और सरकार के बीच बेहतर संतुलन स्थापित कर पाएगा या फिर अंदरूनी कलह पार्टी की मुश्किलें और बढ़ाएगी।#CongressCrisis
#HimachalCongress
#CongressGovernment
#CongressOrganization
#PoliticalChallenge
#HimachalPolitics
#CongressVsOrganization
#Election2026
#MunicipalElections
#PanchayatiRaj
#PoliticalAnalysis
#HimachalNews











