रोहड़ू में गऊशाला निर्माण को लेकर समाज सुधार एवं जन कल्याण सेवा समिति की अहम बैठक सम्पन्न

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

रोहड़ू । समाज सुधार एवं जन कल्याण सेवा समिति ब्लॉक रोहड़ू, जिला शिमला हिमाचल प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक रोहड़ू में  सुरत राम झामटा, अध्यक्ष समाज सुधार एवं जन कल्याण सेवा समिति ब्लॉक रोहड़ू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा समरकोट क्षेत्र में आवारा पशुओं के लिए गऊशाला खोलने संबंधी लंबे समय से विचाराधीन मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक में उपमंडल अधिकारी पशु चिकित्सा, रोहड़ू द्वारा गऊशाला खोलने की प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज शीघ्र तैयार कर संबंधित जिलाधिकारी शिमला को प्रस्तुत किए जाएंगे।

 

बैठक के दौरान सरापानी, नागाधार एवं खड़ा पानी क्षेत्र से आए गाय पालकों द्वारा दूध आदान-प्रदान एवं संबंधित क्षेत्र के सचिव के प्रति शिकायत पत्र संगठन को सौंपा गया। शिकायत में दूध की राशि समय पर अदा न करने तथा दूध लेने से इंकार करने जैसे गंभीर मामलों को उठाया गया। संगठन ने निर्णय लिया कि पीड़ित गाय पालकों को संबंधित प्रभारी दूध प्लांट रोहड़ू के समक्ष प्रस्तुत कर समस्याओं के समाधान हेतु आग्रह किया जाएगा।

 

संगठन ने कहा कि रोहड़ू क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में इस प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे आम गाय पालकों के साथ अनावश्यक लापरवाही बरती जा रही है। यदि संबंधित विभाग द्वारा समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन इस मामले को विस्तारपूर्वक हिमाचल प्रदेश सरकार के समक्ष उठाएगा।
इस अवसर पर विशेष रूप से चम्पा झामटा (उपाध्यक्ष महिला इकाई), कमला देवी, डिंपल नेगी (कोषाध्यक्ष), भरत भूषण मैहता (उपाध्यक्ष), सरापानी, नागाधार एवं खड़ा पानी के गाय पालक तथा सबीर दास रगोरटा, अध्यक्ष समाज सुधार एवं जन कल्याण सेवा समिति हिमाचल प्रदेश उपस्थित रहे।