कांग्रेस समर्थकों की नाराजगी, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा विरुद्व की नारे बाजी

0
1

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 शिमला । पंचायत चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद रोहडू मंडल के कुटाड़ा गांव में राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया। पंचायत प्रधान पद के नतीजे घोषित होते ही गांव के लोगों और युवाओं ने विधायक मोहन लाल ब्राक्टा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

 

विधायक मोहन लाल ब्राक्टा स्वयं कुटाड़ा गांव के रहने वाले हैं और यह उनका पैतृक गांव माना जाता है। मतगणना केंद्र के बाहर काफी देर तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन चलता रहा, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक ने कांग्रेस समर्थित पंचायत प्रधान उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया, बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी को जिताने में अपनी भूमिका निभाई। इसी बात को लेकर कांग्रेस समर्थकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

 

परिणाम घोषित होते ही बड़ी संख्या में युवक और ग्रामीण मतगणना केंद्र के बाहर इकट्ठा हो गए और विधायक विरोधी नारे लगाने लगे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी के समर्थन में भी नारे लगाए गए।

 

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पंचायत चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार की अनदेखी की गई, जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। कई युवाओं ने इसे संगठन और कार्यकर्ताओं के विश्वास के साथ धोखा बताया।

विरोध प्रदर्शन के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई और देर शाम तक लोग पंचायत चुनाव के नतीजों और राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते रहे।