आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (एचपीसीईडी) को केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री विकास (पीएम विकास) योजना के क्रियान्वयन हेतु प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी (पीआईए) के रूप में चयनित किया गया है। इस योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 2,420 युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास एवं उद्यमिता संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस संबंध में 29 मई 2026 को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की निदेशक नेहा गिरी (आईएएस) तथा दीपिका खत्री, संयुक्त निदेशक (उद्योग) एवं कार्यकारी निदेशक, हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (एचपीसीईडी) के मध्य समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
योजना के अंतर्गत 1,700 महिलाओं को महिला नेतृत्व एवं उद्यमिता घटक के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 720 अभ्यर्थियों को गैर-पारंपरिक (नॉन-ट्रेडिशनल) घटक के अंतर्गत शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं महिलाओं के कौशल का विकास कर उन्हें स्वरोजगार तथा उद्यमिता के लिए सक्षम बनाना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को माउंटेन क्यूज़ीन, फैशन डिजाइनिंग, ब्यूटी थेरेपी, नेतृत्व विकास तथा बिजनेस मेंटरिंग (उद्यमी मित्र) जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रदेश के विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक इसका लाभ पहुंचाया जा सके।
योजना के अंतर्गत प्रतिभागियों को केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि मोबिलाइजेशन, प्रमाणन एवं हैंडहोल्डिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं और महिलाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी तथा उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्राप्त होगा।
इस अवसर पर दीपिका खत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकास योजना प्रदेश के युवाओं और महिलाओं के लिए कौशल विकास एवं उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश में उद्यमिता संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।











