आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । सेवा भारती हिमाचल प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में अथक प्रयासरत है, जो आपदा में सबसे पहले पहुंचने वाली संस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। यह वंचित, पीड़ित और अभावग्रस्त वर्ग के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करती है और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करती है। सेवा भारती न केवल समाज की जरूरतों को पूरा करने में सहायक है, बल्कि बच्चों में चरित्र निर्माण, देशभक्ति और आत्मनिर्भरता की भावना जगाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
यहाँ के बच्चे न केवल स्वावलंबी बन रहे हैं, बल्कि अपने कार्यों से दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रहे हैं। शिमला कार्निवल में सेवा भारती हिमाचल और क्रीड़ा भारती दिल्ली के प्रतिभाशाली छात्रों द्वारा मलखंब का प्रदर्शन एक अद्वितीय पहल है, जो सबके लिए गर्व और उत्साह का अनुभव कराएगा। ये बच्चे हिमाचल के दूरस्थ क्षेत्रों से आकर हमारे साथ शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और हम उनकी शिक्षा, आवास और भोजन की जरूरतों को पूरा करते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत हैं।
हमारा लक्ष्य इन्हें आदर्श नागरिक बनाना है जो समाज के लिए एक सशक्त माध्यम बनें। आपके सहयोग और समर्थन से हम इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए और भी प्रभावी ढंग से कार्य कर सकते हैं और उन्हें सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।











