आदर्श हिमाचल ब्यूरों
बिलासपुर।हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की तहसील झण्डूत्ता के अन्तर्गत ग्राम भदोल के निवासी तथा सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति प्रो. डॉ. बिहारी लाल शर्मा को झारखण्ड के प्रतिष्ठित राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के प्रशासनिक/परामर्शदातृ बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है।
यह मनोनयन उनके दीर्घ शैक्षणिक अनुभव, उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा भारतीय ज्ञान परम्परा के संरक्षण एवं संवर्धन में विशिष्ट सेवाओं के सम्मानस्वरूप किया गया है।

राधा गोविन्द विश्वविद्यालय द्वारा गठित यह प्रशासनिक/परामर्शदातृ बोर्ड विश्वविद्यालय की शैक्षणिक नीतियों के निर्माण, गुणवत्ता संवर्धन, अनुसन्धान एवं नवाचार को प्रोत्साहन, उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के मध्य सहयोग तथा संस्थागत उत्कृष्टता के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने वाला महत्त्वपूर्ण निकाय है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रो. डॉ. बिहारी लाल शर्मा का व्यापक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व एवं उच्च शिक्षा की गहन समझ विश्वविद्यालय की विकास-यात्रा को नई दिशा देगी।
प्रो. डॉ. बिहारी लाल शर्मा भारतीय ज्ञान परम्परा, संस्कृत अध्ययन, उच्च शिक्षा प्रशासन तथा अकादमिक नेतृत्व के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित विद्वान हैं। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसन्धान, नवाचार, भारतीय ज्ञान परम्परा के पुनःस्थापन तथा राष्ट्रीय एवं अन्तराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।











