आदर्श हिमाचल ब्यूरों
किन्नौर । सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुधीर नेगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. स्वाति नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. भारतेन्दु, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी , श्री गोपाल, MHS सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान के प्रथम दिवस जिले के सभी विकास खंडों में स्थापित पोलियो बूथों एवं ट्रांजिट प्वाइंट्स पर 0 से 5 वर्ष तक के कुल 4290 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई। विकास खंडवार टीकाकरण की स्थिति इस प्रकार रही—
* रिकांग पिओ – 1182 बच्चे
* पूह – 1070 बच्चे
* निचार – 1521 बच्चे
* सांगला – 517 बच्चे
इसके अतिरिक्त ट्रांजिट प्वाइंट, मेला एवं बाजार क्षेत्रों में 92 बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर नेगी ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, चाहे बच्चे को पूर्व में पोलियो की खुराक दी जा चुकी हो। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के आगामी चरणों में घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।












