आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण 500 वर्षों के संघर्ष, करोड़ों सनातनियों की आस्था तथा रामभक्तों के अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सपना उस समय साकार हुआ जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अनेक नेताओं ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व, रामसेतु और राम जन्मभूमि से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न उठाए। आज जब भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो चुका है और देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, तब कांग्रेस के नेता राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल के मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए बयानों को भी प्रदेश की जनता भूली नहीं है और कांग्रेस को हिंदुओं की आस्था का सम्मान करना चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर पर अनावश्यक राजनीति करने के बजाय अपने शासनकाल के दौरान सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय कई बड़े घोटालों के आरोप देश के सामने आए, जिनमें नेशनल हेराल्ड मामला, 2जी स्पेक्ट्रम मामला, कॉमनवेल्थ गेम्स मामला, कोयला आवंटन (कोलगेट) मामला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर मामला, आदर्श हाउसिंग सोसाइटी मामला और अन्य विवाद लंबे समय तक राष्ट्रीय चर्चा का विषय रहे। उन्होंने कहा कि इन मामलों को लेकर कांग्रेस की जवाबदेही पर देश आज भी प्रश्न उठाता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस लगातार जनभावनाओं से जुड़े विषयों पर राजनीति करने का प्रयास करती रही है। जनता अब तथ्यों और कार्यों के आधार पर निर्णय लेती है और देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास एवं सांस्कृतिक गौरव के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।











