आदर्श हिमाचल ब्यूरों
केलांग । जनजातीय मेला-2026 के तहत आयोजित ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, जोश और खेल भावना का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बालीचौकी की टीम और लव ब्रदर शिमला के बीच खेला गया, जिसमें लव ब्रदर शिमला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन सेटों में जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में लव ब्रदर शिमला के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रणनीति का प्रदर्शन करते हुए बालीचौकी की टीम को सीधे तीन सेटों में पराजित किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने पंजीकरण करवाया, जबकि फाइनल सहित कुल 7 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के विजेता लव ब्रदर शिमला को ₹41,000 नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता बालीचौकी टीम को ₹21,000 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना और एसडीएम केलांग कुनिका ऐकर्स ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान विजेता टीम के खिलाड़ियों को 8 स्वर्ण पदक, उपविजेता खिलाड़ियों को 10 रजत पदक तथा प्रतिभागियों को 18 टी-शर्ट भी प्रदान की गईं।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना को बनाए रखते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
एसडीएम कुनिका ऐकर्स ने भी सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय मेला जैसे आयोजनों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करता है।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी टीमों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं सहयोगी टीमों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने जनजातीय मेला-2026 के आयोजन में खेलों के प्रति युवाओं के उत्साह और प्रतिभा को एक नई पहचान देने का कार्य किया।











