आदर्श हिमाचल ब्यूरो
चम्बा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा द्वारा ग्राम पंचायत प्राह्नवी में गरीबी उन्मूलन तथा गरीब एवं वंचित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 68 लोगों ने भाग लिया।
शिविर को एकांश कपिल, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा तथा मनजीत कौर, ग्राम विकास समन्वयक, ने संबोधित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को गरीबी उन्मूलन, गरीब एवं वंचित वर्गों के अधिकारों तथा उनके लिए उपलब्ध विधिक एवं कल्याणकारी सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई। बताया गया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय प्राप्त करने के अवसर से वंचित न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सलाह एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
उपस्थित ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में भी विस्तार से अवगत करवाया गया। साथ ही, “सामुदायिक मध्यस्थता : मुकदमेबाजी-मुक्त ग्रामीण भारत की ओर” कार्यक्रम के उद्देश्यों तथा ग्रामीण स्तर पर विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान में सामुदायिक मध्यस्थता की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी जागरूक किया गया। विधिक सेवाओं एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पैम्फलेट भी ग्रामीणों के बीच वितरित किए गए।
शिविर का उद्देश्य समाज के गरीब, कमजोर एवं वंचित वर्गों तक कानून एवं विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उपलब्ध सरकारी एवं विधिक सहायता सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना रहा।











