आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की यूसीबीएस (UCBS) चौड़ा मैदान इकाई द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपनी नवनियुक्त कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। जिसमें लगभग 50 कार्यकर्ताओं को दायित्व एवं जिम्मेवारी सौंपी गई है। कॉलेज परिसर में आयोजित नव कार्यकारिणी गठन समारोह में भव्य धीमान को इकाई अध्यक्ष और सक्षम वर्मा को इकाई मंत्री चुना गया। कार्यकारिणी गठन समारोह में अभाविप हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष अक्षय ठाकुर मुख्य वक्ता एवं अभाविप हिमाचल प्रदेश प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक शर्मा चुनाव अधिकारी के तौर पर उपस्थित रहे।
नवनियुक्त इकाई अध्यक्ष भव्य धीमान ने संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा से छात्र हितों की रक्षा के लिए अग्रणी रही है। उन्होंने संकल्प लिया कि नई कार्यकारिणी यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ बिजनेस Studies (UCBS) के छात्रों की हर समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगी। परिसर में शैक्षणिक माहौल को और बेहतर बनाना तथा छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।
नव-निर्वाचित इकाई मंत्री सक्षम वर्मा ने कार्यकारिणी के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि इस टीम में परिसर के ऊर्जावान और होनहार छात्रों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यार्थी परिषद (ABVP) परिसर में रचनात्मक गतिविधियों, करियर काउंसलिंग सेमिनार और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगी। इसके साथ ही, संस्थान में बुनियादी ढांचे के सुधार और प्रशासनिक स्तर पर छात्रों को आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए कॉलेज प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से मांगें उठाई जाएंगी।
इस अवसर पर छात्र नेताओं ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और छात्र कल्याण का एक सशक्त माध्यम है। नई कार्यकारिणी जल्द ही संस्थान के प्रधानाचार्य को एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपेगी, जिसमें कैंपस की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की जाएगी।
इकाई की घोषणा करते हुए उपाध्यक्ष के तौर पर अक्षत राणा, सक्षम नेगी, दक्ष पोंटा, यामिनी ठाकुर, प्रियांशु शर्मा को उपाध्यक्ष एवं शिवेन कटोच, वत्सल शर्मा, धैर्यांश ठाकुर, भूमिका ठाकुर, सोहेल वर्मा को इकाई सह सचिव की जिम्मेवारी दी गई है। ऐसे ही सभी जिम्मेवारियों सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियों सौंपी गई हैं।
इस बैठक में इकाई के अन्य नवनियुक्त पदाधिकारियों के नामों की भी घोषणा की गई, जिसमें उपाध्यक्ष, सह-मंत्री और विभिन्न विभागों के प्रमुख शामिल हैं। सभी नवनियुक्त सदस्यों ने निष्ठापूर्वक छात्र हित में कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित छात्रों ने भारत माता की जय और छात्र शक्ति के नारों के साथ नई टीम को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।








