विश्व शरीर रचना दिवस पर एम्स बिलासपुर ने देहदान संकल्पकर्ताओं को किया सम्मानित

0
7

आदर्श हिमाचल ब्यूरों 

बिलासपुर । शरीर रचना विभाग ने विश्व शरीर रचना दिवस के अवसर पर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए देहदान का संकल्प लेने वाले व्यक्तियों के सम्मान में ‘देहदानी वंदन समारोह’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में 34 देहदान संकल्पकर्ताओं के साथ उनके परिजनों, संकाय सदस्यों और एमबीबीएस विद्यार्थियों ने भाग लिया।

एम्स बिलासपुर की ओर से कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह ने समाज के प्रति इस योगदान के लिए देहदान संकल्पकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। शरीर रचना विभागाध्यक्ष
डॉ. निधि पुरी ने चिकित्सा विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना समझने तथा मानव शरीर के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में देहदान के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

कार्यक्रम के दौरान संकल्पकर्ताओं ने अपने अनुभव और देहदान का निर्णय लेने के बाद सामने आई सामाजिक चुनौतियाँ साझा कीं। उन्होंने मृत्यु के बाद भी समाज की सेवा करने की इच्छा व्यक्त करते हुए देहदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उनके अनुभवों ने इस संकल्प में निहित उदारता और जनसेवा की भावना को उजागर किया।

एम्स बिलासपुर में स्वैच्छिक देहदान कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2022 में देहदान समिति के गठन के साथ हुई थी। तब से अब तक 79 व्यक्ति देहदान का संकल्प ले चुके हैं।

 

शरीर रचना विभाग के अतिरिक्त प्राध्यापक डॉ. संजय शर्मा ने संकल्पकर्ताओं की प्रतिबद्धता और उनके परिवारों के महत्वपूर्ण सहयोग की सराहना की। उन्होंने स्वैच्छिक देहदान के प्रति समाज में जागरूकता और समझ बढ़ाने का आह्वान किया।