आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला । प्रो हिमाचल प्रीमियम क्रिकेट लीग (प्रो एचपीसीएल) सीज़न 4 के मुकाबलों में रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। शिमला क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबलों में शिमला रॉयल्स, मंडी मार्वल्स और शिमला नाइट हॉक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इन मुकाबलों में बल्लेबाजों के आक्रामक अंदाज के साथ गेंदबाजों का प्रभावशाली प्रदर्शन भी देखने को मिला।
दिन के पहले मुकाबले में शिमला रॉयल्स ने इंडियन सागा रॉयल्स को 36 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिमला रॉयल्स ने 15 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से ऋषि धवन ने 15 गेंदों में 30 रन, रिकी ठाकुर ने 22 गेंदों में 38 रन और अक्षय ने मात्र 11 गेंदों में 29 रनों की तेजतर्रार पारियां खेलीं। जवाब में इंडियन सागा रॉयल्स की टीम 15 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 132 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लकी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जबकि निखिल पुंडीर ने 7 गेंदों में 28 रन जोड़े। हालांकि, टीम को जीत दिलाने के लिए ये प्रयास पर्याप्त नहीं रहे।
एक अन्य मुकाबले में शिमला नाइट हॉक्स ने शिमला रॉयल्स को 5 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिमला रॉयल्स की टीम 15 ओवर में 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रिकी ठाकुर ने 22 गेंदों में 27 और विक्की राणा ने 25 गेंदों में 23 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिमला नाइट हॉक्स ने 10.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 93 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से अमित जायसवाल ने 8 गेंदों में नाबाद 33 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सुनील ठाकुर ने 18 गेंदों में 30 रन बनाए। इस तरह शिमला नाइट हॉक्स ने 28 गेंदें शेष रहते जीत हासिल की।
दिन के एक अन्य मुकाबले में मंडी मार्वल्स ने इंडियन सागा रॉयल्स के खिलाफ 51 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मंडी मार्वल्स ने 15 ओवर में 131 रन बनाए। टीम की ओर से लकी ने 20 गेंदों में 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि जतिन ठाकुर और ईश्वर दास ने क्रमशः 16-16 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन सागा रॉयल्स की टीम 15 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 80 रन ही बना सकी। मंडी मार्वल्स की ओर से कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। हिटेश ने भी 3 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट झटके।
इन मुकाबलों के परिणामों के साथ प्रो एचपीसीएल सीज़न 4 में टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा और तेज हो गई है। खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन और टीमों के सामूहिक प्रयासों ने टूर्नामेंट को और रोमांचक बना दिया है।
अगले दिन के मुकाबले – 21 नवंबर, 2026
शिमला क्रिकेट ग्राउंड में कल भी तीन रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे:
* मैच 13 – नाइट हॉक्स बनाम इंडियन सागा रॉयल्स
* मैच 14 – साइबरबेल्स टेक टाइटन्स कोटखाई बनाम शिमला रॉयल्स
* मैच 15 – कैनविल्स टाइटन्स बनाम इंडियन सागा रॉयल्स
प्रो एचपीसीएल सीज़न 4 में जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे खिताब की दौड़ भी दिलचस्प होती जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों को आने वाले मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन और रोमांचक क्रिकेट देखने की उम्मीद है।











