आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), शिमला में शनिवार को पांचवां कौशल दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण सत्र 2025-26 सफलतापूर्वक पूरा करने वाली प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी प्रशिक्षणार्थियों को पदक एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात संस्थान की प्रशिक्षणार्थियों ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की।
समारोह में एसजेवीएन लिमिटेड की विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) सीमा कुमार मुख्य अतिथि तथा महाप्रबंधक नीना चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर क्षेत्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता निदेशालय, शिमला के क्षेत्रीय निदेशक ज्ञान प्रकाश चौरसिया, महेंद्र लाल वर्मा, उप निदेशक/कार्यवाहक प्राचार्य सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे। संस्थान की ओर से अतिथियों का पारंपरिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण और महिला सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपने ज्ञान एवं व्यावहारिक दक्षताओं का निरंतर विकास करने तथा उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग कर उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।
समारोह के दौरान संस्थान के अधिकारियों ने संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह समारोह प्रशिक्षणार्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ-साथ कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, रोजगारपरक प्रशिक्षण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।











