एम्स बिलासपुर में एमबीबीएस 2026 बैच की व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित

0
9

 

 

आदर्श हिमाचल  ब्यूरों

बिलासपुर । अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में एमबीबीएस 2026 बैच के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों के चिकित्सा शिक्षा के सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जिसके साथ उन्होंने आधिकारिक रूप से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी यात्रा का शुभारंभ किया।

 

समारोह में पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. (प्रो.) विवेक लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स बिलासपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह, एवीएसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत एवं परिचय करवाने के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाए गए। सफेद कोट विश्वास, करुणा, सेवा और चिकित्सकीय जिम्मेदारी का प्रतीक है।

 

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. (प्रो.) विवेक लाल, कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह, डीन (अनुसंधान) डॉ. नरवीर सिंह चौहान तथा अन्य संकाय सदस्यों की उपस्थिति में डीन (अकादमिक) डॉ. (प्रो.) अनुपम पाराशर ने विद्यार्थियों को चिकित्सा की पवित्र शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने रोगियों की सेवा, उनके प्रति संवेदनशीलता और चिकित्सा क्षेत्र के नैतिक मूल्यों का पालन करने की प्रतिज्ञा की।

 

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह ने कहा कि एक सफल चिकित्सक बनने के लिए नैदानिक उत्कृष्टता के साथ मानवता, विनम्रता और संवेदनशीलता भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने तथा अपने संवाद कौशल में निरंतर सुधार करने का आह्वान किया।

 

मुख्य अतिथि डॉ. (प्रो.) विवेक लाल ने अपने संबोधन में वास्तविक जीवन के प्रेरणादायक अनुभवों और कहानियों के माध्यम से विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में प्रतिबद्धता, करुणा और समर्पण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मरीजों के प्रति स्नेह और उनके साथ प्रभावी संवाद एक अच्छे चिकित्सक की पहचान है। चिकित्सक और मरीज के बीच विश्वासपूर्ण संबंध न केवल मरीज को मानसिक संबल प्रदान करता है, बल्कि चिकित्सा सेवा को भी अधिक प्रभावी बनाता है।

 

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने उपस्थित अतिथियों और संकाय सदस्यों के समक्ष अपना परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में डीन (अकादमिक) डॉ. (प्रो.) अनुपम पाराशर ने समारोह के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

 

व्हाइट कोट सेरेमनी ने एमबीबीएस 2026 बैच के विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा के मूल्यों, जिम्मेदारियों और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए उनके नए शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सफर की शुरुआत को यादगार बनाया।