आदर्श हिमाचल ब्यूरों
डल्हौजी । संघनी में हुई दुखद आगजनी की घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्थानीय विधायक डी. एस. ठाकुर ने आज अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर घटनास्थल का दौरा किया और जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान विधायक डी. एस. ठाकुर ने अग्निकांड से प्रभावित सभी 14 पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका दुःख साझा किया और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने तात्कालिक राहत (फौरी राहत) के तौर पर सभी प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस भीषण अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक श्री ठाकुर ने मौके से ही पूर्व मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी और माननीय सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज जी से फोन पर संपर्क कर उन्हें इस दुर्घटना तथा जमीनी हालातों की विस्तृत जानकारी दी।
विधायक डी. एस. ठाकुर ने प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत कर निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को बिना किसी देरी के हर संभव सरकारी सहायता और उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में वे और पूरा संगठन पूरी मजबूती के साथ अपने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।











