आदर्श हिमाचल ब्यूरों
केलांग । हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग द्वारा रैंप (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत 25 एवं 26 नवंबर को जिला मुख्यालय केलांग में बुनाई आधारित खिलौना निर्माण (Toy Making – Knitting) विषय पर दो दिवसीय प्रोडक्ट डिजाइन एवं डेवलपमेंट कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को बुनाई कला में नवाचार लाने, बाजार की मांग एवं जरूरतों के अनुरूप नए उत्पाद तैयार करने तथा पारंपरिक कौशल को उद्यमिता से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र (DIC), केलांग की टीम भी उपस्थित रही।
कार्यशाला में प्रशिक्षक खेम लता ने प्रतिभागियों को बुनाई आधारित खिलौना निर्माण की नई संभावनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर अभी तक प्रचलित नहीं रहे बुनाई आधारित खिलौनों के आकर्षक एवं नवीन डिजाइन विकसित कर इस कला को नए स्वरूप में आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने पारंपरिक हुनर का उपयोग कर बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने तथा इसके माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं के कौशल को निखारना, उत्पादों में नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा बुनाई कला को स्वरोजगार एवं लघु उद्यमों के विकास से जोड़ना रहा।











