भाजपा प्रवक्ता राजेंद्र राणा कांग्रेस की चिंता छोड़ अपनी पार्टी में अपनी राजनीतिक हैसियत तलाशें – प्रदीप सूर्या

0
4

 

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव प्रदीप सूर्या ने भाजपा प्रवक्ता राजेंद्र राणा द्वारा कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि राजेंद्र राणा आए दिन कांग्रेस के खिलाफ अनर्गल और तथ्यहीन बयान देकर भाजपा में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने का असफल प्रयास कर रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा में शामिल होने के बाद भी उन्हें वह राजनीतिक सम्मान और महत्व नहीं मिल पाया, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। भाजपा में आज उनकी कोई खास पूछ नहीं है और न ही उन्हें पार्टी की महत्वपूर्ण कोर कमेटी में कोई स्थान मिला है। इसी राजनीतिक उपेक्षा, हताशा और निराशा के चलते वह आए दिन कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी कर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज करवाने की कोशिश कर रहे हैं।

 

प्रदीप सूर्या ने कहा कि राजेंद्र राणा को यह समझना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी और मजबूत राजनीतिक विचारधारा वाली पार्टी है। कांग्रेस ने देश की आजादी से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। कांग्रेस को उन नेताओं के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है, जिन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए पार्टी की विचारधारा और कार्यकर्ताओं के विश्वास के साथ समझौता किया है। राणा को कांग्रेस की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी में अपनी स्थिति और राजनीतिक भविष्य की चिंता करनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर शिमला के चौड़ा मैदान स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से ऐतिहासिक रिज मैदान तक आयोजित संविधान रक्षा मार्च अभूतपूर्व और ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी  रजनी पाटिल  के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों तथा हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

उन्होंने कहा कि संविधान रक्षा मार्च में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि हिमाचल प्रदेश की जनता संविधान, लोकतंत्र और अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग और एकजुट है। इस ऐतिहासिक मार्च ने भाजपा की जनविरोधी राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ जनता की भावना को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया है। मार्च की ऐतिहासिक सफलता से भाजपा नेताओं में बेचैनी और बौखलाहट स्वाभाविक है। यही कारण है कि भाजपा के नेता इस जनसमर्थन को पचा नहीं पा रहे हैं और कांग्रेस के खिलाफ निराधार बयानबाजी कर रहे हैं।

 

प्रदीप सूर्या ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई पूर्ण बहुमत की कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए जिस प्रकार धनबल, प्रलोभन और राजनीतिक षड्यंत्रों का सहारा लिया, उसे प्रदेश की जनता कभी नहीं भूलेगी। कांग्रेस पार्टी से विश्वासघात कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं के सहारे प्रदेश की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन भाजपा अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाई। प्रदेश की जनता ने लोकतंत्र और जनादेश के पक्ष में अपना स्पष्ट फैसला दिया। आज स्थिति यह है कि जिन नेताओं को भाजपा में शामिल करके बड़े राजनीतिक सपने दिखाए गए थे, वे स्वयं अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता और भविष्य को लेकर असमंजस में हैं।

 

उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा को यह भी याद रखना चाहिए कि राजनीति केवल बयानबाजी और मीडिया में सुर्खियां बटोरने का नाम नहीं है। राजनीति जनता के विश्वास, विचारधारा और सिद्धांतों के आधार पर चलती है। जो नेता अपने राजनीतिक हितों के लिए बार-बार अपनी विचारधारा और राजनीतिक निष्ठा बदलते हैं, उन्हें जनता समय आने पर जवाब देती है। प्रदेश की जनता राजेंद्र राणा के राजनीतिक सफर, उनके पूर्व के बयानों और वर्तमान राजनीतिक भूमिका से भली-भांति परिचित है।

 

प्रदीप सूर्या ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर नेता प्रतिपक्ष  राहुल गांधी  ने देश के सामने महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। इन सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा और उसके नेता विपक्ष की आवाज को दबाने तथा जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना आवश्यक है। लोकतंत्र में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता सर्वोपरि है। देश के करोड़ों मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करना किसी भी सरकार और संवैधानिक संस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य और संविधान की मूल भावना से जुड़ा विषय मानती है।

 

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा देश को दिया गया संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है। संविधान ने गरीब, दलित, पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों को सामाजिक एवं राजनीतिक अधिकार प्रदान किए हैं। भाजपा की नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर आवाज बुलंद करती रहेगी।

 

प्रदीप सूर्या ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष  राहुल गांधी  के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए देशव्यापी संघर्ष शुरू किया है। हिमाचल प्रदेश में भी यह अभियान केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक जिले, ब्लॉक, गांव और हर घर तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान की रक्षा और आम नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।

 

अंत में उन्होंने राजेंद्र राणा को सलाह देते हुए कहा कि वह कांग्रेस की चिंता छोड़ें और पहले भाजपा में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास करें। कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र तथा जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और भाजपा की किसी भी साजिश या वोट चोरी के प्रयास को सफल नहीं होने देंगे। कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है, और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक लोकतांत्रिक मूल्यों की पूरी तरह रक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती।