मुख्यमंत्री शनिवार को मनाली क्षेत्र के लिए करेगें करोड़ो रूपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

कुल्लू।  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर शनिवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 29 अगस्त को दोपहर सवा एक बजे परिधि गृह मनाली में लगभग 64 करोड़ की विकास परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे अथवा शिलान्यास करेंगे। इनमें 17 मील में ब्यास नदी पर 9.09 करोड़ की लागत से निर्मित 85 मीटर लम्बा स्पैन पुल व 4.95 करोड की लागत से निर्मित पुलिस स्टेशन भवन मनाली का उद्घाटन करेंगे।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि इसके अलावा मुख्यमंत्री मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए छः बड़ी परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखेंगे। इनमें 16.93 करोड़ की लागत से रामशिला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-03 से भेखली, जिन्दौड़, ब्यासर सड़क का स्तरोन्यन कार्य, 19.70 करोड की लागत से रायसन शिरड़, शिलीहार सड़क स्तरोन्यन कार्य ़ 7 करोड़ की लागत से विश्राम गृह मनाली में अतिरिक्त आवास का कार्य,  4.60 करोड की लागत से पुरानी मनाली (मनु नग्गर) से चोल नाला जल आपूर्ति योजना का सुधार कार्य, 89.40 लाख से बागा, रायसन तथा रायसन बिहाल जल आपूर्ति योजना का सुधार कार्य,  60.51 लाख से शरण, कलौन्टी तथा माहिली जल आपूर्ति योजना का रेट्रोफिटिंग कार्य के शिलान्यास शामिल हैं।
 उन्होंने कहा कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बंजार विधानसभा क्षेत्र के लिए 65 करोड़ तथा कुल्लू के लिए 13 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात प्रदान की हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री इससे पूर्व अटल टनल रोहतांग तथा लाहौल में सिस्सु हेलीपैड का निरीक्षण करेंगे तथा बीआरओ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
उन्होंने कहा कि सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए मुख्यमंत्री का मनाली आगमन पर चुने हुए प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों व आम जनता द्वारा जोरदार स्वागत किया जाएगा।

Ads