आदर्श हिमाचल ब्यूरो
सोलन। बद्दी के काठा स्थित एक पंखा बनाने वाली कंपनी में भयंकर अग्रिकांड में एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि अन्य तीन लोग झुलस गए हैं। घायलों को बद्दी अस्पताल लाया गया, जहां से उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। आग से करोड़ों रुपये की संपत्ति जल कर राख हो गई है। बताया जा रहा कि कंपनी की भट्टी में अचानक बड़ा धमाका हुआ और उसके बाद कंपनी में चारों ओर आग फैल गई।
धमाके के साथ कंपनी के भीतर एक दीवार भी गिर गई। इसके नीचे कामगार होने की आशंका जताई जा रही है। इस दीवार के मलबे में एक महिला का शव तो मिल गया, लेकिन एक और महिला लापता है। कंपनी में आग सुबह 8 बज कर पांच मिनट पर लगी। बताया गया कि जैसे ही भट्टी में धमाका हुआ तो साथ लगती एक दीवार के नीचे कुछ कामगार दब गए। जिसमें अभी तक एक महिला का ही शव मिला। जिसकी शिनाख्त यूपी के बदाऊं निवासी भानू (35) पत्नी शरीफ के रूप में हुई है। जबकि सुनीता देवी, मोहम्मद रफीक व अरविंद झुलस गए हैं। घायल अरविंद ने बताया कि जब गिरने के वक्त वह भी वहां पर मौजूद था।
वह तो किसी तरह बाहर निकल गया। लेकिन अनुमान है कि दीवार के नीचे कुछ लोग दब गए थे। इसके चलते वह वहां से नहीं निकल पाए। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम महेंद्रपाल गुर्जर, एएसपी नरेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार बलराज नेगी, होमगाड के कंमांडेंट डॉ. शिव कुमार मौके पर पहुंचे। एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि एक आग पांच बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। एक महिला की भानू की मौत हो गई है। जबकि तीन लोग जख्मी हुए है। एक महिला सर्वेश शर्मा के लापता होने की सूचना है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। होमगार्ड के कंमाडेंट डॉ. शिव कुमार ने बताया कि बद्दी, नालागढ़, परवाणू, वर्धमान के फायर टेंडर आग बुझाने में लगे रहे और सायं पांच बजे तक काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। फायर ब्रिगेड ने साथ लगती कंपनियों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने कंपनी का नुकसान करोड़ों में हुआ है। जिसका अभी आकलन किया जाना है।