सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत को बनाया गया कर्नाटक का राज्यपाल
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
नई दिल्ली/शिमला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को 8 राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त किए हैं। इनमें मोदी कैबिनेट में शामिल सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत का नाम भी शामिल है। उन्हें कर्नाटक का गवर्नर बनाया गया है।
ये बदलाव तब हुआ है, जब मध्य प्रदेश भाजपा लीडर ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम अगले कैबिनेट विस्तार के लिए करीब-करीब तय हो गया है। 73 साल के थावर चंद 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लगातार उनकी कैबिनेट में शामिल रहे हैं।
माना जा रहा है कि थावर चंद को राज्यपाल बनाकर मध्य प्रदेश कोटे से सिंधिया के लिए कैबिनेट में जगह खाली की गई है। हालांकि, सिंधिया का प्रोफाइल क्या होगा, ये अभी तय नहीं है। ये जरूर चर्चा है कि मोदी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपेंगे। अभी तक मध्य प्रदेश से मोदी कैबिनेट में 4 मंत्री थे। नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, थावर चंद गहलोत और फग्गन सिंह कुलस्ते।
इन राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त हरियाणा में बंडारू दत्तात्रेय, मध्य प्रदेश में मंगूभाई पटेल, हिमाचल प्रदेश में राजेंद्रन विश्वनाथ अरलेकर, गोवा में पीएस श्रीधरन पिल्लई, राजस्थान में रमेश बैस, त्रिपुरा में सत्यदेव नारायण आर्य और मिजोरम में हरी बाबू कम्भमपति को राज्यपाल बनाया गया है।
मोदी कैबिनेट का विस्तार 7 जुलाई को हो सकता है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, मोदी 2.0 का पहला विस्तार बुधवार को सुबह 11 बजे होगा। कैबिनेट में अभी 28 मंत्री पद खाली हैं और बताया जा रहा है कि 17-22 सांसदों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक मोदी ने 2 दिन तक गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ कैबिनेट विस्तार पर बैठकें की हैं।