हिमाचल की जनता का आशीर्वाद भी जरूर मिलेगा: रत्नेश गुप्ता
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
चंडीगढ़: चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत का जश्न पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिमाचल में भी मनाया। कार्यकर्ताओं ने मिठाईयां बांटी और ढोल नगाड़े पर जमकर थिरके।
आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा के किले को ध्वस्त कर दिया। पार्टी सबसे ज्यादा सीटें जीत कर पहले स्थान पर रही। भाजपा के बड़े बड़े महारथियों को ‘आप’ के उम्मीदवार ने शिकस्त दी।
पार्टी की शानदार शुरुआत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने कहा कि जनता ने मन मे क्या है उसकी ये सिर्फ झलकी है। हिमाचल प्रदेश में इसकी पूरी तस्वीर दिखाई देगी।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव के परिणाम ने एक बार फिर से साबित कर दिया कि भाजपा को सिर्फ आप ही टक्कर दे सकती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल उपचुनाव के परिणाम के बाद भी हमने कहा था कि कांग्रेस नही जीती बल्कि भाजपा हारी है। जनता के पास जहां आम आदमी पार्टी का विकल्प आएगा दोनों भाजपा और कांग्रेस मुह की खाएगी। जनता दोनों दलों से त्रस्त है और ‘आप’ की और उम्मीद से देख रही है।
हिमाचल में भी पार्टी मजबूत संगठन और इरादों के साथ उतरेगी और जो आशीर्वाद जनता का चंडीगढ़ निगम चुनावों में मिला है वही हमे हिमाचल में भी जरूर मिलेगा।