
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू में मणिकर्ण घाटी के शीला गांव में एक चार मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। आगजनी की इस घटना में लकड़ी से बना चार मंजिला मकान पूरी तरह से जल कर राख हो गया। जलने से दो मवेशी व भेड़ों की मौत हो गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
मणिकर्ण घाटी के शीला गांव में रहने वाले देवराज के मकान में रात को 11 बजे के करीब अचानक आग लग गई। घटना के समय मकान में परिवार का कोई भी सदस्य नहीं सोया था। परिवार के सदस्य रसोईघर में थे। चार मंजिला लकड़ी का मकान देखते ही देखते राख के ढ़ेर में तबदील हो गया।
नौकरी से लौटे व्यक्ति ने मचाया शोर
स्थानीय ग्रामीण गुलाब सिंह ने बताया कि रात को गांव का एक व्यक्ति अपनी डयूटी से घर आया। जब वह गांव में पहुंचा तो उसने देखा की मकान के अंदर से धुंआ उठ रहा है। उसने शोर मचाकर घर और आसपास के ग्रामीणों को चौकन्ना किया। मकान की निचली मंजिल में पशु रखे थे। आग लगते ही लकड़ी के मकान में इतनी तेजी से फैली गई और देखते ही देखते मकान काे अपनी चपेट में ले लिया।
पशुओं के साथ घर का सामान राख
आगजनी की घटना में 2 मवेशी और 2 भेड़ें जिंदा जल गई। आग ज्यादा भड़कने से इनको बाहर निकाला नहीं जा सका। जबकि मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। गांव के लोगों ने स्प्रे पंप और पानी से आग को बुझाने में सफलता मिली।
अन्य घरों को जलने से बचाया
आग लगने के कारणों को अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से मौके पर अभी तक कोई भी नहीं पहुंच पाया है। आग लगने से 20 लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि गांव में ग्रामीणों ने अन्य घरों को आग से बचा लिया है।