आदर्श हिमाचल ब्यूरो
धर्मशाला: जोरावर स्टेडियम में आभार रैली के दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व भाजपा व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम की सरकार ने अपने पांच वर्षों के दौरान जनता से अपराध ही किए हैं। उन्होंने कहा कि प्लान की गई कहानियों से राजनीति को नही बदला जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 9 महीने में 900 संस्थान बिना बजट और कर्मचारियों खोल दिए। जोकि हिमाचल की जनता के साथ एक धोखा ही नहीं बल्कि अपराध है। उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में भी एक साथ इतने संस्थान नहीं खोले गए। उन्होंने कहा कि वह लोगों को आश्वासन देना चाहते हैं कि हमारी सरकार बजट और अधिकारी और कर्मचारियों के साथ संस्थान खोलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए 9 महीनों में 900 संस्थान खोल दिए। बावजूद इसके लोगों ने भाजपा को प्रदेश में पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जहां पर आवश्यकता होगी वहां पर जरूरत के हिसाब से संस्थानों को खुलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्तमान संस्थानों को कमजोर करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से खोले गए इन संस्थानों में कोई भी नई नियुक्ति नहीं की गई और ना ही किसी प्रकार के बजट का प्रावधान किया गया। जिसके चलते 590 संस्थानों को डिनोटिफाई किए गया है। उन्होंने ऑपरेशन लोटस को लेकर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ऑपरेशन लोटस को पूरी तरह नकार चुके हैं और यह सब मनगढ़ंत बातें हैं इन पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक सरेआम घूम रहे हैं और पूरी तरह एकजुट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार पूरी तरह से मजबूत है और यह 5 वर्ष तक प्रदेश को स्वच्छ प्रशासन प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनका यह पहला कांगड़ा का दौरा है और वह लोगों का आभार व्यक्त करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार योजनाबद्ध तरीके से योजनाओं को आगे लाएगी और सरकार इसे अमलीजामा भी पहनाएगी। उन्होंने कहा कि केविनेट की पहली बैठक में ओपीस को बहाल किया जाएगा तथा महिलाओं को 1500 रुपये मिलने शुरु होंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला को पर्यटन की दृष्टि से किस प्रकार आगे बढ़ाया जा सकता है,इस पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ाने के लिए सभी जिला मुख्यालयों को जोड़ने के लिए हेलीपोर्ट का निर्माण अति शीघ्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर सभी हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला कांगड़ा में पर्यटन को किस प्रकार बढ़ाया जा सकता है और पर्यटकों को अधिक समय के लिए किस प्रकार रोका जा सकता है। इस दिशा में भी कार्य किया जा रहा है । सीएम ने कहा कि इसके अलावा कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण को लेकर भी कदम उठाए जा रहे हैं, उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की जद में आने वाले प्रभावित लोगों और क्षेत्र के नुकसान का आकलन किया जा रहा है । उसके बाद हम कांगड़ा के एयरपोर्ट के संदर्भ में अगला फैसला करेंगे।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम सवाल खड़ा करना है अभी उनके पास बोलने को कुछ नहीं है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का प्रदेश के साथ लगाव है और कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल के कांगड़ा जिला से होकर भी गुजरेगी जिसकी जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू आज पहली बार कांगड़ा जिला के दौरे पर धर्मशाला पहुंचे। धर्मशाला पहुंचने पर कांग्रेस विधायकों, कांग्रेस नेताओं, प्रशासन के उच्चाधिकारियों सहित भारी संख्या में लोगों ने गर्मजोशी के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।