हिमाचल उत्सव की तीसरी संध्या में दर्शाया गया मां- बच्चों के रिश्ते के प्रेम और सम्मान को 

पहाड़ी गायक नरेंद्र निट्टू और सुदर्शन दीवाना ने भी शानदार नाटियों से लगाई खूब रौनक

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

 

शिमला। मां की ममता, स्नेह और संवेदनशीलता को समर्पित हिमाचल उत्सव की तीसरी संध्या में मुख्य अतिथि के तौर पर युवा मंडल के संस्थापक सदस्यों की माता संतोष सूद,  कमला शर्मा और  स्नेहलता कौशल ने शिरकत की। मां- बच्चों के रिश्ते के प्रेम और सम्मान को दर्शाता ये प्रयास मां की महिमा के लिए युवा मंडल की कृतज्ञता भी प्रदर्शित कर गया। तीसरी संध्या में विशिष्ठ मेहमान के तौर पर  वीणा अग्रवाल सहित भाजपा के नगर निगम के पार्षदों कुलभूषण गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता, रेखा साहनी और  सीमा भी मौजूद थी। संध्या में सोलन की एसडीएम कविता ठाकुर ने भी युवा मंडल को अपना आशीर्वाद दिया।

 

तीसरी संध्या में पहाड़ी कलाकार रामेश्वर की नाटियों पर हजारों युवा ग्राउंड में थिरकते दिखे। रामेश्वर ने अपनी हिट नाटियों से युवाओं को खूब नचाया। तीसरी संध्या में बिलासपुर से आई भाई बहन की जोड़ी अक्षय और अन्नया ने अपनी गायकी से सोलन को अपना मुरीद बना दिया। हिंदी पहाड़ी गीतों से सजा भाई बहन की जोड़ी का कार्यक्रम तीसरी संध्या को लोगों के दिलों में हमेशा की लिए यादगार बना गया। पहाड़ी गायक नरेंद्र निट्टू और सुदर्शन दीवाना ने भी शानदार नाटियों से खूब रौनक लगाई। सोलन के स्थानीय कलाकार राहुल सारंग, ट्विंकल शर्मा और राहुल ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।

यह भी पढ़े:- खड्ड कॉलेज में आधुनिक सुविधाओं से लैस बनेगा इंडोर स्टेडियम, अस्पताल में बिस्तरों की संख्या में भी होगी बढ़ौत्तरी  

इंटर स्कूल डांस कंपटीशन के दूसरे दिन निर्णायक मंडल में जानी मानी रंग कर्मी कुमारी सुनीता और श्रीमती मंजू भारद्वाज शामिल रहीं। प्रतियोगिता में बीएल स्कूल, गुरुकुल, सोलन पब्लिक, जीनियस ग्लोबल, यूरोकिड्स आदि 10 स्कूलों के शानदार वेस्टर्न थीम पर आधारित डांस हुए। प्रतियोगिता के तीसरे दिन देशभक्ति के थीम पर बुधवार को डांस प्रतियोगिता होगी।

हिमाचल उत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी गायक प्रदीप शर्मा राखी गौतम, राजेश बबलू सहित पहाड़ी गायक तनुजा चौहान, निपुण, मेधा, सीमा शुक्ला, संजीव पराशर के नाम रही। हिमाचल गायकों ने एक से बढ़कर एक हिंदी पहाड़ी नगमों से दर्शकों का दिल जीत लिया। दूसरी संध्या में मुख्यातिथि के तौर पर पैरागौन होटल गु्रप के चेयरमैन वर्मा अपनी धर्मपत्नी नवकिरण वर्मा के साथ मौजूद थे। जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर दत्ता ग्राफिक्स के चेयरमैन विनोद दत्ता मौजूद थे। संध्या में कसौली के ओम आर्य भी खास मेहमान के तौर पर मौजूद थे। युवा मंडल के संस्थापकों पंकज सूद अध्यक्ष, मुकेश शर्मा उपाध्यक्ष और र्कीती कौशल महासचिव ने सभी मेहमानों को सम्मानित किया।

 

यह भी पढ़े:-एसएमसी संघ ने प्रदेश सरकार के खिलाफ की जोरदार नारेबाजी, कहा…. मुख्यमंत्री के पास हमसे मिलने के लिए एक भी मिनट का समय नहीं  

19वे हिमाचल उत्सव के दूसरे दिन स्कूलों की लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सोलन के अग्रणी स्कूल बी. एल स्कूल, गीता आदर्श विद्यालय, सोलन पब्लिक स्कूल, यूरो किड्स, जीनियस ग्लोबल स्कूल, दयानंद आदर्श विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने भाग लिया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका जानी मानी रंगकर्मी कुमारी सुनिता और श्रीमती मंजू भारद्वाज ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतियोगिता के बाद सभी बच्चों की तैयारियों और उनकी प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।

युवा मंडल के संस्थापकों पंकज सूद अध्यक्ष, मुकेश शर्मा उपाध्यक्ष, कीर्ति कौशल महासचिव ने आए हुए सभी मेहमानों का स्वागत किया। युवा मंडल के सदस्यों अंकुश सूद, संजीव वर्मा, रिपुदमन, सरदार सिंह ठाकुर, विजय ठाकुर, रजत थापा, नीरज गाजता, मनोज ठाकुर आदि भी मौजूद रहे।