लाहौल में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं परियोजनाओं के लिए 51 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित- अनुराधा राणा

0
7

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

केलांग । परियोजना सलाहकार समिति की बैठक आज जिला मुख्यालय केलांग स्थित उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा ने की। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना लाहौल के लिए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं परियोजनाओं हेतु लगभग 51 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया, जो जिले के समग्र विकास को गति प्रदान करेगा।

 

 

बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की गई। तत्पश्चात विभिन्न विभागों के विकास कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कृषि विभाग से आलू बीज वितरण, प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज निर्माण के लिए भूमि एवं बजट की स्थिति पर जानकारी प्राप्त की गई। विधायक ने सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में आपदा की स्थिति में किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। मार्केट यार्ड की स्थापना, किसानों के साथ ठगी एवं बीज संबंधी शिकायतों पर भी गंभीर चर्चा की गई। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभागों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने अग्निशमन विभाग के कार्यालय एवं आवासीय भवन हेतु भूमि उपलब्ध कराने और शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए गए। केलांग बस अड्डे पर पार्किंग सुविधा एवं आवासीय भवन निर्माण के प्रस्ताव को भी शीघ्र तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

 

इसके अतिरिक्त उन्होंने पर्यटन एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विषयों में सिस्सू झील के सौंदर्यीकरण, तांदी घाट के लिए मास्टर प्लान, त्रिलोकनाथ मंदिर परिसर विस्तार एवं त्रिलोकनाथ ग्राउंड के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त सिविल अस्पताल उदयपुर के भवन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने प्रसिद्ध घेपन मंदिर एवं अटल टनल के समीप लगने वाले यातायात जाम की समस्या से निपटने हेतु पुलिस विभाग को आवश्यक रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने तथा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। विशेष रूप से लिंडूर एवं करपट गांव के पुनर्वास के लिए भूमि उपलब्धता एवं संबंधित औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

 

उन्होंने शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के लिए भूमि चयन, केलांग विद्यालय के विस्तार एवं उन्नयन, कुकुमसेरी महाविद्यालय के खेल मैदान तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज हेतु भूमि हस्तांतरण प्रक्रियाओं को तेज करने सहित पशुपालन विभाग के अस्पताल एवं आवासीय भवन, तथा जिला अस्पताल केलांग में भवन एवं लिफ्ट स्थापना पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक ने हाल ही में आयोजित स्की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन हेतु आयोजकों की सराहना की तथा क्षेत्र में स्की रिसोर्ट एवं स्की लिफ्ट की संभावनाओं का आकलन कर पीएमजेवीके के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित हेलीपोर्ट की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी लंबित औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

 

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि जिन संपर्क सड़कों को खोल दिया गया है, उनकी फिटनेस रिपोर्ट एचआरटीसी को तत्काल उपलब्ध करवाई जाए, ताकि बस सेवाएं पुनः सुचारु रूप से संचालित हो सकें और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में उपस्थित गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न जनहित मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा कर समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) केलांग कुनिका एकर्स ने सभी विषयों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अध्यक्ष एवं समिति के सदस्यों का धन्यवाद किया।

 

इस अवसर पर उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना विशेष रूप से उपस्थित रहीं तथा उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।बैठक में पुलिस अधीक्षक शिवानी महला, जिला परिषद अध्यक्ष वीना देवी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे लारजे, डीएफओ इंद्रजीत सीरा, एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, सीएमओ डॉ. रोशन लाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।