आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शाहपुर। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास का भव्य भवन निर्मित किया जाएगा। यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सिहवां पंचायत के वार्ड नंबर-5, छतरु में विद्युत संचालित हैंडपंप का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए दी है। विधायक पठानिया ने कहा कि इस हैंडपंप के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और पेयजल संकट से राहत मिलेगी। उन्होंने स्थानीय जनता से विकास कार्यों की निगरानी में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उपमुख्य सचेतक ने वार्ड में शमशान घाट को जोड़ने वाले मार्ग के शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सोलर लाइट्स उपलब्ध होते ही उन्हें प्राथमिकता के आधार पर क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। महिला मंडल भवन के निर्माण हेतु शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि आवश्यक बजट स्वीकृत किया जा सके। गांव पहुंचने पर पंचायत प्रधान अजय बबली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक का भव्य स्वागत किया, प्रधान ने पंचायत में हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक पठानिया का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर स्थानीय गुरु रविदास सभा द्वारा विधायक को टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया और इस कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, गज परियोजना के आवासीय अभियंता सुभाष शर्मा, डीएफओ दिनेश शर्मा, सहायक अभियंता रज्जाक मोहम्मद, विक्रम शर्मा, एसएस राणा, बलदेव राणा, कमल कटोच, सुभाष, कालीदास तथा उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे है।