आदर्श हिमाचल ब्यूरों
हजारीबाग| केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड के हजारीबाग में CRPF की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा किए गए एंटी नक्सल ऑपरेशन की सराहना की, इस कार्रवाई में ₹1 करोड़ के इनामी कुख्यात नक्सली कमांडर सीसीएम सहदेव सोरेन उर्फ परवेश को ढेर कर दिया गया है। इसके अलावा दो अन्य इनामी नक्सली रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल और बिरसेन गांझू उर्फ रामखेलावन को भी सुरक्षा बलों ने मार गिराया।
यह ऑपरेशन उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र में नक्सलवाद की समस्या को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस सफलता के बाद नक्सलवाद के खिलाफ युद्ध में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है और जल्द ही पूरा देश इस समस्या से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा। सुरक्षा बलों ने बताया कि यह ऑपरेशन लंबे समय की खुफिया जानकारी और सटीक योजना के तहत सफल हुआ है, जिससे क्षेत्र में आतंकवाद और नक्सली गतिविधियों को करारा झटका लगा है। राज्य और केंद्र सरकार की यह साझा कोशिश सुरक्षा और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।