स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में मनाया जाएगा अन्नकूट उत्सव

0
3

शिमला: न्यू शिमला स्थित बी.ए.पी.एस. स्वामिनारायण मंदिर (अक्षरधाम) में दीपावली पर्व के बाद मनाया जाने वाला अन्नकूट का उत्सव (छप्पन भोग) 14 नवंबर रविवार को आयोजित किया जा रहा है।

5 हज़ार वर्ष पहले भगवान श्रीकृष्ण जी के द्वारा यह सुन्दर परम्परा स्थापित हुई थी और भगवान स्वामिनारायण के द्वारा यह परंपरा सुदृढ़ हुई। बी.ए.पी.एस. स्वामिनारायण संप्रदाय के प्रकट गुरुदेव परम पूज्य महंतस्वामी महाराज के मार्गदर्शन में सम्पूर्ण विश्व के 1200 से अधिक स्वामिनारायण मंदिरों में अन्नकूट उत्सव सहित सभी हिन्दू पर्व और त्यौहार भक्तिभाव, भाईचारे और सौहार्द्र के साथ भव्यतापूर्वक मनाए जाते हैं।

भक्तों ने एक महीने पहले से अन्नकूट की तैयारियां शुरू कर दी थीं। शहर के कई घरों से भगवान को को निवेदित करने के लिए प्रसाद बनाकर लाया जाएगा। इस वर्ष लगभग 100 परिवारों से व्यंजन बनाकर लाए जाएंगे ।

अन्नकूट उत्सव के दिन भक्तों द्वारा भगवान को निवेदित करने के लिए अपने हाथों से बनाकर लाए गए सभी व्यंजनों को भोग के रूप में बड़े ही आकर्षक तरीके से भगवान के आगे सजाया जाएगा। सुबह 11 बजे संतों और भक्तों की उपस्थिति में मंदिर के प्रांगण में बनाए गए गोवर्धन पर्वत के पूजन के साथ उत्सव का मंगल प्रारम्भ होगा। दोपहर 12 बजे भगवान की पहली आरती की जाएगी और इसके साथ ही भाविक भक्तों और नगरजन के लिए अन्नकूट के भव्य दर्शन प्रारम्भ हो जाएंगे। दोपहर 12 बजे से लेकर नियमित प्रत्येक घंटे पर मंदिर की संध्या आरती तक सभी दर्शक भक्त आरती का लाभ प्राप्त करेंगे। अन्नकूट के दर्शन संध्या 6.30 बजे तक लगातार खुले रहेंगे।