आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। शहर के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि पवित्र सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के मूल स्वरूप के दिव्य दर्शन का दुर्लभ अवसर प्राप्त होने जा रहा है।
यह पावन आयोजन दिनांक 9 अप्रैल को पदमदेव कॉम्प्लेक्स, द रिज, शिमला में सायं 4:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य दर्शन के साथ-साथ स्पर्श पूजा, आध्यात्मिक सत्संग तथा अंत में प्रसाद वितरण का लाभ प्राप्त होगा।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में यह आध्यात्मिक यात्रा बैंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम से प्रारंभ होकर 1 अप्रैल से 10 अप्रैल तक विभिन्न जिलों में संचालित हो रही है। यह यात्रा चंबा से आरंभ होकर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से होती हुई 9 अप्रैल को शिमला पहुँचेगी।
राज्य मीडिया प्रभारी तृप्ता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव एवं सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित करना है। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक एवं स्वयंसेवक भाग लेकर भक्ति और सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ध्यान सत्र एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश में यात्रा के आगमन पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार हो रहा है।
सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन से विनम्र आग्रह है कि वे दिनांक 9 अप्रैल को सायं 4:00 बजे से 8:00 बजे तक द रिज, शिमला में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान के दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाएं।











