आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रदेश भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वे राजनैतिक द्वेषवश आपदा राहत व पुनर्निर्माण कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित ₹1500 करोड़ की आपदा सहायता राशि अब तक प्रदेश को जारी नहीं की गई है, जो अत्यंत चिंताजनक है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी एकजुटता के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में जुटी हुई है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह प्रदेश सरकार के खिलाफ अनर्गल बयानबाज़ी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर भी भेदभाव का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश को अब तक कोई भी वित्तीय सहायता प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद, राज्य सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद अपने कर्तव्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही है। प्रतिभा सिंह ने हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों को विशेष राहत देने की मांग करते हुए कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से होने वाले राजस्व घाटे की भरपाई के लिए केंद्र को कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में निर्माण व पुनर्निर्माण की लागत मैदानी क्षेत्रों की तुलना में कहीं अधिक होती है, ऐसे में इन राज्यों के लिए विशेष नीति बनाना आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र सरकार से हिमाचल के लिए विशेष आर्थिक सहायता दिलवाने में सहयोग करें और प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस प्रयास के लिए प्रदेश की जनता और कांग्रेस पार्टी उनकी आभारी रहेगी।