आदर्श हिमाचल ब्यूरों
बद्दी। भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने गुरुद्वारा गुलरवाला बद्दी में गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शीश नवाया, इस दौरान सभी नेताओं ने प्रदेशवासियों को पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव ने समानता, सेवा और ईश्वर की एकता का संदेश दिया। उन्होंने सभी स्त्री-पुरुष को समान बताया और अंधविश्वास एवं पाखंड के विरोध की शिक्षा दी और नेताओं ने कहा कि गुरु नानक देव ने निस्वार्थ सेवा को महत्व देते हुए लंगर की परंपरा की शुरुआत की, जो आज भी जारी है।
इस दौरान गुरु नानक देव का जन्म वर्तमान पाकिस्तान के पंजाब राज्य में राबी नदी के तट पर तलबड़ी गांव में हुआ था। हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा पर उनके जन्मदिवस का पर्व मनाया जाता है। इस बार यह पर्व 5 नवंबर को मनाया गया, भाजपा नेताओं ने कहा कि गुरु नानक ने धार्मिक कट्टरता के वातावरण में धर्म को उदारता और समानता की नई परिभाषा दी और लोगों को सत्य, प्रेम और सेवा का पाठ पढ़ाया गया।











