आदर्श हिमाचल ब्यूरों
सोलन । मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध सीमा में पूरा किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत कशमीरपुर के मलपुर में 13.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 11 नलकूप आधारित सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ जल हर व्यक्ति का अधिकार है और सरकार प्रदेश के हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पूर्व उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) कार्यालय एवं आवासीय परिसर, नालागढ़ (बद्दी) की आधारशिला भी रखी, जिस पर 11.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि जल शक्ति मंडल नालागढ़ के अंतर्गत 120 पेयजल योजनाएं और 170 सिंचाई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे 758 बस्तियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने हैरिटेज पार्क नालागढ़ में जीर्णोद्धार के बाद हैरिटेज कैफे का शुभारंभ भी किया, जिसे नालागढ़ हैरिटेज सोसायटी द्वारा निर्मित किया गया है।
आज जिन सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनसे 9 ग्राम पंचायतों के 11 गांव—गुरदासपुरा, मलपुर, दुगरी, सल्लेवाल, मस्तानपुरा, रत्योड़, सौड़ी गुज्जरां, नंगल ढक्का, नंगल कूहल-1, नंगल कूहल-2 और भटौली—को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी और विभिन्न समस्याओं को भी सरकार के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वे लगातार क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम में दून के विधायक राम कुमार चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।#AadarshHimachal #Nalagarh #Solan #MukeshAgnihotri #Development #HimachalNews #WaterProjects #Infrastructure #Congress











