आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा प्रश्नकाल के बाद बुधवार को बजट पर चर्चा की शुरुआत खाद के रेट दोगुना बढ़ने के मुद्दे से हुई। जुब्बल-कोटखाई के कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने सदन में कहा कि भाजपा वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुना करने की बात करती रही है। आज सच यह है कि किसानों की आय तो दोगुना नहीं हुई, लेकिन खाद के रेट जरूर दोगुना हो गए हैं।
पोटाश खाद का एक बैग 850 से बढ़कर 1700 रुपये हो गया। कैल्शियम नाइट्रेट और अन्य खादों की भी यह स्थिति है। भाजपा प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बात कर रही है। प्राकृतिक खेती तो खुद ही होगी, जब खाद किसान नहीं ले पा रहे हैं। कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने सदन में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि करुणामूलक नौकरियां मांग रहे बेरोजगार एक साल से धरने पर बैठे हैं। सरकार इनके बारे में नहीं सोच रही है। बजट में किसानों, बेरोजगारों और कई वर्गों से अन्याय किया गया है।
धूमल सरकार के नियुक्त एसएमसी शिक्षकों की पांचवें साल आ रही याद
रोहित ठाकुर ने कहा कि धूमल सरकार ने एसएमसी शिक्षकों को नियुक्ति दी, सरकार को पांच साल बाद अब इनकी याद रही है। इससे वस्तुस्थिति समझी जा सकती है।