मुख्यमंत्री ने तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारंभ किया

0
11

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ओकओवर शिमला से राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा-108 में 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस को शामिल किया और स्वास्थ्य विभाग व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब 241 एम्बुलेंस आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। नई एम्बुलेंस में आधुनिक जीवनरक्षक उपकरण जैसे ट्रांसपोर्ट वेंटिलेटर, ईसीजी मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर और रक्तचाप मॉनिटर सहित 19 आपातकालीन सुविधाएं मौजूद हैं। इन एम्बुलेंस को सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और दूरदराज के इलाकों में तैनात किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और इन नई एम्बुलेंस से सेवाओं में सुधार होगा और साथ ही मुख्यमंत्री ने तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 की सफलता के लिए सभी को प्रेरित किया। यह अभियान 60 दिनों तक चलेगा, जिसमें तम्बाकू के खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और तम्बाकू नियंत्रण कानूनों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तम्बाकू हर साल देश में लाखों लोगों की जान लेता है और कई गंभीर बीमारियों का कारण है। उन्होंने प्रदेश में तम्बाकू, ई-सिगरेट और हुक्का बार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की प्रतिबद्धता जताई। पुलिस और फ्लाइंग स्क्वाड इस दिशा में कार्रवाई करेंगे। उन्होंने सभी जिला उपायुक्तों, विभागों और स्थानीय निकायों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए और स्कूल, कॉलेजों में तम्बाकू मुक्त संस्थान बनाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग निःशुल्क तम्बाकू त्याग सेवाएं और परामर्श केंद्र भी उपलब्ध करा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक संजय अवस्थी, महापौर सुरेन्द्र चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।