मुख्यमंत्री ने ऊना जिला के गगरेट विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की

0
4

शिमला: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने ‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रमों की कड़ी में आज ऊना जिले के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के गोंदपुर बनेहड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने इन 75 वर्षों के दौरान प्रदेश को मज़बूत और अग्रणी बनाने के लिए प्रत्येक हिमाचली के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब पूरा देश आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75 वर्ष मना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश ने विकास में जो बुलंदी हासिल की है उसे भव्य तरीके से मनाने एवं इस उपलब्धि में योगदान देने वाले प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यह भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल कांग्रेस नेताओं रास नही आ रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इस ऐतिहासिक आयोजन में भी राजनीतिक लाभ देख रहे हैं, जो इन नेताओं की मानसिकता को दर्शाता है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इन वर्षों में राज्य में अभूतपूर्व विकास हुआ है और इसका श्रेय प्रत्येक हिमाचली और पिछली सरकारों के सशक्त नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के समय प्रदेश की साक्षरता दर केवल 4.8 प्रतिशत थी, जबकि वर्तमान में यह 83 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में सड़कों की लंबाई 228 किलोमीटर थी जबकि अब प्रदेश में 39,500 किलोमीटर लम्बी सड़कों का जाल है। इसी प्रकार वर्ष 1948 में शैक्षणिक संस्थानों की संख्या 301 थी जो अब बढ़कर 16,124 हो गई है।