आदर्श हिमाचल ब्यूरों
मंडी| मंडी के करसोग विधानसभा क्षेत्र का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष से यह स्कूल सीबीएसई बोर्ड से जुड़ा जाएगा और पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने करसोग में 1.50 लाख लीटर क्षमता वाला मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट और 66 केवी सब स्टेशन बनाने की भी घोषणा की है। इसके अलावा तिब्बन और पांगणा को सीबीएसई स्कूल बनाने, सनारली, मतेड़ और बनेड़ा में पटवार सर्कल खोलने तथा तत्तापानी से बखरौट सड़क के सुधार की भी घोषणा की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि करसोग अस्पताल में जल्द ही रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होगी। आईटीआई का भवन पूरा करने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा, साथ ही इसमें एआई और मशीन लर्निंग के कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। आपदा की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि करसोग क्षेत्र में हुई तबाही का अध्ययन जारी है और राज्य सरकार पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 94 घरों को पुनर्वास के लिए सात लाख रुपये सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने प्रदेश का खजाना खाली किया, लेकिन वर्तमान सरकार ने विकास की दिशा में तेजी से काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बहाल की है, जिससे केंद्र सरकार ने हिमाचल की ऋण सीमा में कटौती की है।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि पिछले सरकार की गलत नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश 2021 में शिक्षा में 21वें स्थान पर था, जबकि वर्तमान सरकार के सुधारों से अब प्रदेश 5वें स्थान पर पहुंच गया है। राज्य सरकार ने स्कूलों में 6000 शिक्षकों की भर्ती शुरू की है। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयासों की भी मुख्यमंत्री ने विस्तार से जानकारी दी और दूध के दामों में ऐतिहासिक वृद्धि, किसानों से गोबर की खरीद, प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों की बेहतर कीमतें और मनरेगा मजदूरी में बढ़ोतरी जैसे कदम उठाए गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़े सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 वर्षों से पुरानी मशीनों को हटाकर आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, और 200 नए डॉक्टरों की भर्ती की जा चुकी है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने बताया कि करसोग में आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 50 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाए जा चुके हैं, जिनमें विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए जा रहे हैं। मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार की पहल से दूध के दाम 21 रुपये बढ़े हैं और मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता भी बढ़ाई गई है। प्रदेश में दूध की खरीद वर्तमान में तीन लाख लीटर प्रतिदिन हो रही है, जो पिछली सरकार के दौरान 90 हजार लीटर थी। करसोग विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी महेश राज ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और विकास परियोजनाओं के लिए आभार जताया और उन्होंने भाजपा पर झूठी राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के तहत 12 लाभार्थियों को 18 लाख रुपये की पहली किश्त वितरित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत चार ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को आर्थिक सहायता दी गई और एक भूमिहीन को भूमि के कागजात सौंपे गए, 10वीं कक्षा की दो मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान करसोग बाजार में भव्य स्वागत और मैगा रोड शो का आयोजन किया गया। विधायक दीप राज, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।











