मुख्यमंत्री का बयान धर्म और आस्था का अपमान है : राकेश जमवाल

0
6

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने भाजपा को “कलयुगी पांडव” कहा था। जमवाल ने कहा कि यह टिप्पणी न केवल धर्म और आस्था का अपमान है, बल्कि मुख्यमंत्री की मानसिकता और कांग्रेस की सनातन विरोधी प्रवृत्ति को भी उजागर करती है। उन्होंने कहा कि पांडव धर्म, सत्य और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक हैं, जबकि “कलयुगी प्रवृत्ति कांग्रेस के चरित्र में बस चुकी है।” भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस पार्टी सत्ता की कमजोर होती स्थिति से घबराई हुई है, और उसी बौखलाहट में इस प्रकार के बयान दे रही है जो हिमाचल की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुँचाते हैं।

इस दौरान राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस आज “कौरवों की कांग्रेस” बन चुकी है और सत्ता के मोह में अंधी, धर्म से विमुख और सत्य से दूर। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सत्ता संभालने के बाद कहा था कि उनकी सरकार “97 प्रतिशत हिंदू आबादी को हराकर बनी है,” जो समाज को धर्म के आधार पर बाँटने वाली मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सनातन आस्था के विरोध से जुड़ा रहा है राम मंदिर निर्माण का विरोध करने से लेकर रामसेतु के अस्तित्व को नकारने तक और सुक्खू सरकार उसी सोच का विस्तार है, जो धर्मनिष्ठ जनता का अपमान करती है। जमवाल ने कहा कि हिमाचल की जनता धर्म, भक्ति और संस्कृति से गहराई से जुड़ी है, और ऐसे बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने अंत की ओर बढ़ रही है, क्योंकि “जो शक्ति धर्म के विरुद्ध खड़ी होती है, उसका अंत निश्चित होता है।