आदर्श हिमाचल ब्यूरो
ऊना। आगामी 27 जून को हरोली विधानसभा क्षेत्र के हरोली से कांगड़ तक नशे के खिलाफ होने वाली ब्रिस्क वॉक की जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का संदेश प्रदेश और देश के दूसरों राज्यों तक पहुंचेगा। यह कार्यक्रम अपने आप में अनूठा है और इसके माध्यम से प्रदेशवासियों से नशे के खिलाफ मुहिम छेड़ने का आह्वान किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार नशा और नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं से आह्वान किया कि चिट्टे से जुड़े तस्करों को बचाने के लिए किसी भी प्रकार का राजनैतिक दबाव न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशा तस्करों और दलालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। इसके लिए सबसे पहले लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। इसी कड़ी में हरोली से कांगड़ तक आयोजित होने वाली ब्रिस्क वॉक अहम साबित होगी।
उपमुख्यमंत्री ने जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि कार्यक्रम में कार्यकारी पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल त्रिवेदी भी मुख्य रूप से शामिल होंगी। इसके अलावा हजारों की तादाद में विभिन्न संबंधित विभागों, विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थी, समाज के विभिन्न तबकों के लोग इस वॉक का हिस्सा बनेंगे। इस कार्यक्रम से पहले विद्यार्थियों के मध्य नारा लेखन, चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं भी करवाई जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से इस आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की।
यह भी पढ़े:- राज्यपाल से मिले पालमपुर के कुलपति डॉ. एच.के. चौधरी
उपमुख्यमंत्री ने मीडिया कर्मियों से अपील करते हुए इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपना सहयोग देने का आहवान भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पुलिस विभाग को नशे से निपटने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार कानूनों में हर संभव संशोधन कर नशे पर लगाम लगाएगी। इसके साथ ही नशे की गिरफ्त में आने वाले लोगों को इस दलदल से बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार नशा मुक्ति केंद्रों पर भी नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि कुछेक ऐसे प्रकरण सामने आए हैं जिसमे नशा मुक्ति केंद्रों की संलिप्तता सामने आई है। ऐसे मामलों को भी सख्ती से निपटने की बात उपमुख्यमंत्री ने कही।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में पंजाबी लोक गायक कंवर ग्रेवाल और मास्टर सलीम भी गायन के माध्यम से नशे के खिलाफ संदेश देंगे। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों के छात्रों द्वारा गिद्दा, भांगड़ा और नाटी का आयोजन होगा।