हिमाचल उत्सव 2024 की रंगारंग शुरुआत, पहले ही दिन दिखा जबरदस्त उत्साह

0
13

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े गैर सरकारी मेले आठ दिवसीय हिमाचल उत्सव का रविवार को भव्य और धूमधाम से आगाज हो गया। पहली सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उनके साथ पुत्र कर्नल संजय शांडिल और पुत्रवधू पूनम शांडिल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिव कुमार, सुरेंद्र सेठी, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव ठाकुर समेत अन्य गणमान्य नेता भी मौजूद थे। डायनामिक इंडिया युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पंकज सूद, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, महासचिव कीर्ति कौशल, महासचिव संजीव वर्मा, सचिव अंकुश सूद, मनोज ठाकुर, रजत थापा, विजय ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

इस दौरान पहली सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड गायक अरविंद राजपूत रहे, उन्होंने अपने सदाबहार गीतों जैसे ‘इक हसीना थी’, ‘तू होगई वन टू टू’, ‘जय जय शिव शंकर’, ‘परदेसिया’, ‘खईके पान बनारस वाला’ की मेडली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और साथ ही उन्होंने पहाड़ी गीत ‘इसा र्ग्राइंया दे लम्बरा हो’ भी प्रस्तुत किया, जिसे स्वास्थ्य मंत्री ने भी साथ गाकर समारोह को यादगार बना दिया। प्रख्यात बांसुरी वादक हरिदत भारद्धाज की मधुर बांसुरी प्रस्तुति ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, पहाड़ी गायक प्रदीप शर्मा और संजय सोहटा ने अपनी लोकगीत प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वहीं, एसजे डांसिंग जोन के सौ से अधिक बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रदर्शन प्रस्तुत किया। पहले दिन ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक नाटकीय प्रस्तुतियों के साथ रंगारंग कार्यक्रम पेश कर दर्शकों का मनोरंजन किया।