मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर टिप्पणी करना भाजपा की नैतिक गिरावट का प्रमाण: नरेश चौहान

0
15

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला| मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार नरेश चौहान ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि प्रदेश भाजपा इस समय पूर्णतः मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसके पास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अथवा राज्य सरकार की आलोचना के लिए कोई गंभीर या जनस्वीकार्य मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू जनसेवा और सुशासन के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं और अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा ईमानदारी और उत्तरदायित्व के साथ हर जिम्मेदारी निभाई है। मुख्यमंत्री की पारिवारिक विदेश यात्रा को लेकर विपक्ष की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री एक जिम्मेदार पिता भी हैं और बेटी की उच्च शिक्षा के लिए विदेश यात्रा उनका व्यक्तिगत विषय है। इस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना विपक्ष की बौद्धिक और नैतिक गिरावट का प्रतीक है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ अढ़ाई वर्षों में आत्मनिर्भरता, पारदर्शिता, रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन नीतियों से प्रदेश की जनता लाभान्वित हो रही है और सरकार को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है, जिससे विपक्ष हताश और विचलित है। नरेश चौहान ने भाजपा पर निजी हमलों की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अब एक ट्रोल आर्मी की तरह व्यवहार कर रही है। मुख्यमंत्री के निजी जीवन पर की जा रही असभ्य टिप्पणियाँ भाजपा के राजनीतिक पतन और गंभीरता की कमी को उजागर करती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश भाजपा आज पांच गुटों में बंटी हुई है और आपसी खींचतान के चलते जनता से उसका संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। यदि विपक्ष जमीनी हकीकत देखना चाहता है, तो उसे जनता के बीच जाना चाहिए, जहां मुख्यमंत्री की योजनाएं जनजीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और लोगों में उनके प्रति आस्था और सम्मान बना हुआ है।