आदर्श हिमाचल ब्यूरों
सोलन। डायनामिक इंडिया युवा मंडल द्वारा आयोजित हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा गैर सरकारी मेला, 21वां हिमाचल उत्सव रविवार को ऐतिहासिक ठोडो मैदान में विधिवत पूजा अर्चना के साथ शुरू हो गया। इस पारंपरिक रीति रिवाजों के अनुसार प्रसिद्ध पुजारी गणेश पंडित के नेतृत्व में ब्राह्मणों ने वेद मंत्रों के साथ उत्सव का शुभारंभ किया। इस शुभ अवसर पर युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पंकज सूद, संस्थापक उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा और संस्थापक महासचिव कीर्ति कौशल ने पूजा-अर्चना की अगुवाई की, समारोह में युवा मंडल के सदस्य अंकुश सूद, मनोज ठाकुर, रितु दमन सिंह, डॉक्टर कुशल तिवारी, कुलदीप, विजय, भानू, विशाल सूद, अजय भाटिया सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
पहली सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके पुत्र कर्नल संजय शांडिल एवं पुत्रवधू पूनम शांडिल विशिष्ट अतिथि थे और साथ ही कांग्रेस नेता एवं जिलाध्यक्ष शिव कुमार, सुरेंद्र सेठी, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी समारोह में शामिल हुए। इसी तरह रात के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अरविंद राजपूत ने अपने सदाबहार गीतों से रंग जमा दिया। उन्होंने ‘इक हसीना थी’, ‘तू होगई वन टू टू’, ‘जय जय शिव शंकर’, ‘परदेसिया’ और ‘खईके पान बनारस वाला’ जैसे गीतों की मेडलियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, प्रसिद्ध बांसुरी वादक हरिदत भारद्धाज की मधुर बांसुरी प्रस्तुति ने दर्शकों के दिलों को छू लिया। पहाड़ी गायक प्रदीप शर्मा और संजय सोहटा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। एसजे डांसिंग जोन के सोलन के बच्चों ने सौ से अधिक बच्चों के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
हिमाचल उत्सव के पहले दिन ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक नाटकों और रंगारंग प्रस्तुतियों से मेले में चार चांद लगाए। और साथ ही युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज सूद ने कहा कि हिमाचल उत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और युवाओं को एक मंच प्रदान करने का प्रयास है, इस उत्सव के जरिए स्थानीय कलाकारों और पर्यटकों में उत्साह का माहौल बनता है।











