कांग्रेस सरकार युवा और बेरोजगार विरोधी: डॉ. राजीव बिंदल

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला| भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में प्रदेश के सभी छह मोर्चों युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, किसान मोर्चा और ओबीसी मोर्चा का गठन पूर्ण कर लिया है और सभी मोर्चे संगठन को मजबूत बनाने में जुटे हैं। उन्होंने यह बात भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित युवा मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक के दौरान कही गयी। इस दौरान डाॅ. बिंदल ने बैठक में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने युवाओं और बेरोजगारों के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि “हिमाचल प्रदेश में अब तक की सरकारों में यदि किसी ने सबसे अधिक नुकसान युवाओं को पहुँचाया है, तो वह वर्तमान कांग्रेस सरकार है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने 2022 के चुनावों के दौरान युवाओं को झूठी गारंटियों का जाल दिखाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने चुनाव से पहले वादा किया था कि पहली कैबिनेट बैठक में एक लाख नौकरियाँ दी जाएंगी, 67 हजार खाली पद भरे जाएंगे और 5 वर्षों में 5 लाख रोजगार सृजित होंगे, लेकिन सरकार बनने के बाद एक भी नियमित भर्ती नहीं हुई। डाॅ. बिंदल ने कहा कि “नौकरी देने वाले संस्थान बंद कर दिए गए, भर्ती आयोग की गतिविधियाँ ठप हैं और सरकार ने केवल फॉर्मूलों के नाम पर दिखावा किया। ‘वन मित्र’, ‘रोगी मित्र’, ‘पशु मित्र’ जैसी योजनाएँ बेरोजगारों के साथ मजाक बनकर रह गईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार रोजगार के अवसर खत्म कर रही है। “हाउसिंग बोर्ड में 137 पद समाप्त किए गए, बिजली बोर्ड में हजारों पद खत्म कर दिए गए। करीब 1.45 लाख पद विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े थे, जिन्हें समाप्त कर दिया गया। विश्वविद्यालयों में भी पदों को घटाया गया और लगभग 2000 स्कूल बंद कर दिए गए, जिससे 20 हजार रोजगार प्रभावित हुए,” उन्होंने कहा कि डाॅ. बिंदल ने इसे पूरी तरह से “युवा विरोधी और बेरोजगार विरोधी सरकार” करार देते हुए कहा कि भाजपा आने वाले समय में इस मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी।