भ्रष्टाचार पर बोलने वाली कांग्रेस पहले अपने नेताओं का हिसाब दे—स्वतंत्र संख्या

0
14

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

बिलासपुर।भाजपा प्रदेश प्रवक्ता स्वतंत्र संख्यान ने कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचारी कहने वाली कांग्रेस पहले अपने नेताओं के गिरेबान में झांके। उन्होंने कहा कि बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर स्वयं कई गंभीर विवादों और आरोपों से घिरे हुए हैं, जो कांग्रेस के वास्तविक चरित्र को उजागर करते हैं।

 

स्वतंत्र संख्या ने कहा कि जुलाई 2025 में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें बंबर ठाकुर एक पुलिस अधिकारी एएसपी शिव कुमार चौधरी के साथ अभद्र व्यवहार करते और धक्का-मुक्की करते नजर आए थे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले अधिकारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

 

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2022 के चुनावी हलफनामे के अनुसार बंबर ठाकुर पर IPC की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 120B (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे गंभीर मामलों में नाम आने वाले व्यक्ति को कांग्रेस संरक्षण क्यों दे रही है?

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि फरवरी 2024 में भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन निर्माण कंपनी के कार्यालय के बाहर हुई मारपीट की घटना में भी बंबर ठाकुर और उनके समर्थकों का नाम सामने आया। यह दर्शाता है कि कांग्रेस नेताओं का रवैया विकास कार्यों में सहयोग का नहीं, बल्कि अराजकता फैलाने का है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिट्टा माफिया को लेकर भी कांग्रेस नेताओं पर लगातार आरोप लगते रहे हैं और बिलासपुर क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को संरक्षण देने के आरोप भी सामने आते रहे हैं। हालांकि कांग्रेस नेता इन आरोपों को राजनीतिक बताते हैं, लेकिन जनता सच्चाई भली-भांति जानती है।

 

स्वतंत्र संख्या ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपने नेताओं की कार्यशैली और उनके खिलाफ लगे आरोपों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी।#Congress #Corruption #Independent #Politics #Accountability #IndiaPolitics #BreakingNews #PublicVoice #Transparency #DevBhoomi