आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की सड़क सुरक्षा सुधार योजनाओं का असर अब साफ नजर आने लगा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार घट रही है। इस वर्ष 2023 में प्रदेश में कुल 2,253 दुर्घटनाओं की घटनाएं दर्ज की गई थीं, यह संख्या 2024 में घटकर 2,147 रह गई और वर्ष 2025 में अब तक केवल 1,457 दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कमी बेहतर निगरानी तंत्र, सक्रिय नीतियों और व्यापक जन जागरूकता अभियानों का नतीजा है।
इस दौरान सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि वर्ष 2023 और 2025 में हिमाचल प्रदेश को भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद सरकार ने सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया, जिससे अनगिनत जीवन सुरक्षित रहे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं, प्रवक्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल दुर्घटनाओं की संख्या घटाना ही नहीं है, बल्कि प्रदेशवासियों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।











